बिहार में भूदान यज्ञ और आचार्यकुल
सत्येन्द्र कुमार पाठक
अहिंसक क्रांति का सूत्रपात से स्वतंत्रता के पश्चात भारत के सम्मुख सबसे बड़ी चुनौती सामाजिक और आर्थिक विषमता को दूर करना था। सदियों की औपनिवेशिक दासता और सामंतवादी व्यवस्था के कारण देश की कृषि योग्य भूमि का एक बड़ा हिस्सा मुट्ठी भर जमींदारों के हाथों में केंद्रित था, जबकि देश की बहुसंख्यक आबादी भूमिहीन, खेतिहर मजदूर के रूप में अत्यंत दयनीय जीवन जीने को विवश थी। इस गंभीर संकट के समाधान के लिए जहाँ एक ओर सरकार कानूनी और संवैधानिक सुधारों की दिशा में अग्रसर थी, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आध्यात्मिक उत्तराधिकारी आचार्य विनोबा भावे ने एक सर्वथा नूतन, स्वैच्छिक और अहिंसक मार्ग का अन्वेषण किया, जिसे 'भूदान यज्ञ आंदोलन' के नाम से जाना गया। बिहार, जो प्राचीन काल से ही वैचारिक क्रांतियों और सामाजिक आंदोलनों की उर्वर भूमि रहा है, इस अहिंसक आंदोलन का एक मुख्य गढ़ बना। बिहार के भीतर भी मुजफ्फरपुर ज़िला वैचारिक चेतना, सर्वोदय दर्शन के व्यावहारिक क्रियान्वयन और शैक्षणिक आंदोलनों का मुख्य केंद्र बिंदु बनकर उभरा। मुजफ्फरपुर के भूदान यज्ञ कार्यकर्ताओं, सर्वोदयी विचारकों, स्थानीय भूस्वामियों और शिक्षाविदों ने मिलकर विनोबा जी की इस सामाजिक-आर्थिक क्रांति को जन-जन तक पहुँचाया। बिहार में भूदान और आचार्यकुल आंदोलन के ऐतिहासिक, सांख्यिकीय और वैचारिक आयामों का रूप है।
भूदान आंदोलन का वैचारिक अधिष्ठान और राष्ट्रीय परिदृश्य में भूदान आंदोलन की शुरुआत 18 अप्रैल 1951 को तत्कालीन आंध्र प्रदेश (वर्तमान तेलंगाना) के पोचमपल्ली गाँव से हुई थी। वहाँ एक हरिजन बस्ती के भूमिहीन परिवारों की पीड़ा को देखकर स्थानीय जमींदार वेदरे रामचंद्र रेड्डी ने स्वेच्छा से 100 एकड़ भूमि दान की थी। इस घटना ने विनोबा भावे को यह विश्वास दिलाया कि हृदय परिवर्तन के माध्यम से बिना किसी रक्तपात या कानूनी जटिलता के देश की भूमि समस्या का समाधान किया जा सकता है।
संत विनोबा जी का भूदान आंदोलन गांधीजी के 'ट्रस्टीशिप' (न्यासधारिता) के सिद्धांत पर आधारित था। तत्कालीन समय में जहाँ एक ओर वामपंथी विचारधारा हिंसक क्रांति के माध्यम से भूमि सुधार की वकालत कर रही थी, वहीं विनोबा भावे ने भूदान यज्ञ और सर्वोदय' (सबका उदय) के माध्यम से एक अहिंसक विकल्प प्रस्तुत किया। उनका मानना था कि: "जमीन हवा और पानी की तरह ईश्वर की देन है। इस पर किसी एक व्यक्ति का मालिकाना हक नहीं होना चाहिए। भूस्वामी स्वयं को भूमि का मालिक न समझकर समाज का न्यासी (Trustee) समझें।"
पोचमपल्ली से प्रारंभ होकर यह आंदोलन देश के विभिन्न राज्यों में फैला, लेकिन बिहार में इसे जो व्यापकता और गहराई मिली, वह अद्वितीय थी। बिहार में इस आंदोलन की सफलता का मुख्य कारण यहाँ के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व और गांधीवादी कार्यकर्ताओं का अटूट समन्वय था। बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्रीबाबू) और उप-मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिंह ने भूदान आंदोलन को न केवल नैतिक समर्थन दिया, बल्कि इसे राज्य स्तर पर संस्थागत और कानूनी सहायता प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बिहार के इन शीर्ष नेताओं का मानना था कि जो कार्य राज्य सरकार कानून के माध्यम से धीमी गति से कर पा रही है, उसे विनोबा जी का आंदोलन जन-चेतना के माध्यम से तीव्र गति प्रदान कर सकता है।
भूदान आंदोलन का मुख्य केंद्र मुजफ्फरपुर है । मुजफ्फरपुर का इतिहास केवल राजनैतिक आंदोलनों का गवाह नहीं रहा है, बल्कि यह आध्यात्मिक और सामाजिक सुधारों की प्रयोगशाला भी रहा है। चंपारण सत्याग्रह (1917) के समय से ही मुजफ्फरपुर गांधीवादी विचारधारा का एक बड़ा केंद्र था ।
मुजफ्फरपुर के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी और समाज सेवी गया प्रसाद साहू (जिन्हें 'गया बाबू' के नाम से भी जाना जाता है) का आवास इस ज़िले की वैचारिक चेतना का केंद्र था। महात्मा गांधी जब भी मुजफ्फरपुर की यात्रा पर आते थे, वे गया बाबू के आवास पर ही ठहरते थे। चंपारण सत्याग्रह की कई महत्वपूर्ण रणनीतियाँ और योजनाएँ इसी आवास में तैयार की गई थीं। इस ऐतिहासिक पृष्ठभूमि ने मुजफ्फरपुर की मिट्टी में गांधीवाद और सर्वोदय और भूदान यज्ञ के बीजों को पहले ही अंकुरित कर दिया था, जिसके कारण जब विनोबा जी ने भूदान की अपील की, तो मुजफ्फरपुर ने अभूतपूर्व प्रतिक्रिया दी।
विनोबा भावे के आह्वान पर मुजफ्फरपुर के स्थानीय सर्वोदयी और भूदान यज्ञ कार्यकर्ताओं ने इस आंदोलन को ज़मीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक पदयात्राएं कीं। इन पदयात्राओं का उद्देश्य केवल भूमि प्राप्त करना नहीं था, बल्कि ग्रामीणों के भीतर नैतिक मूल्यों का संचार करना भी था।
इस आंदोलन की एक विशिष्ट विशेषता ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी थी। "स्त्री शक्ति जागरण" के तहत महिलाओं की विशाल पदयात्राएं निकाली गईं, जिन्होंने पितृसत्तात्मक और सामंती समाज में जाकर भूस्वामियों की माताओं और पत्नियों को प्रभावित किया, जिससे पारिवारिक स्तर पर भूमि दान करने के निर्णय आसान हो गए। भूदान यज्ञ और सर्वोदय साहित्य का प्रचार: गाँव-गाँव में सर्वोदय पत्रिकाओं, विनोबा जी के प्रवचनों और गांधीवादी साहित्यों का व्यापक वितरण किया गया ताकि वैचारिक क्रांति को स्थायित्व दिया जा सके।
. मुसहरी प्रसंग: संत विनोबा जी और जयप्रकाश नारायण का 'जीवन दान' और समग्र क्रांति का बीजारोपण
मुजफ्फरपुर जिले का मुसहरी प्रखंड भारत के आधुनिक सामाजिक-राजनैतिक इतिहास में एक विशिष्ट और अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह क्षेत्र भूदान, ग्रामदान और बाद में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 'समग्र क्रांति' का मुख्य केंद्र बना।।वर्ष 1952 में महात्मा गांधी और संत विनोबा जी के विचारों को समर्पित और विनोबा भावे की गतिविधियों के संचालन के लिए मुसहरी में एकबापू कुटिया बाद में भारत दर्शन भवन का निर्माण किया गया। यह कुटिया केवल एक भौतिक संरचना नहीं थी, बल्कि यह भूदान यज्ञ और सर्वोदयी कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण, विचार-विमर्श और ग्रामीण विकास की योजनाओं को तैयार करने का एक पवित्र केंद्र था । महान समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण जो स्वतंत्रता संग्राम के बाद देश की सक्रिय राजनीति के शीर्ष पुरुषों में गिने जाते थे, विनोबा भावे के भूदान आंदोलन के नैतिक और अहिंसक स्वरूप से अत्यधिक प्रभावित हुए। उन्होंने महसूस किया कि सच्ची स्वतंत्रता सत्ता परिवर्तन से नहीं, बल्कि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति के आर्थिक और सामाजिक उत्थान से आएगी। जयप्रकाश नारायण ने इस अहिंसक क्रांति के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर दिया और 'जीवन दान' का व्रत लिया। उनके साथ बिहार के लगभग 600 समर्पित कार्यकर्ताओं ने भी अपने जीवन को इस आंदोलन के लिए होम करने का संकल्प लिया। जेपी ने बिहार के कोने-कोने में, विशेषकर मुजफ्फरपुर के ग्रामीण अंचलों में, नंगे पैर पदयात्राएं कीं और लोगों को ग्रामदान के लिए प्रेरित किया।
जून 1970 की ऐतिहासिक घटना: 1960 के दशक के उत्तरार्ध में मुजफ्फरपुर का मुसहरी प्रखंड और उसके आसपास के इलाके उग्र वामपंथी हिंसा (नक्सलवाद) और सामाजिक अशांति से बुरी तरह त्रस्त थे। भूमिहीनों का असंतोष और जमींदारों का दमन हिंसा का रूप ले चुका था। इस विकट परिस्थिति में, जून 1970 में जयप्रकाश नारायण ने मुसहरी में ही अपना डेरा डालने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। जेपी ने हिंसा का सामना हथियारों से नहीं, बल्कि प्रेम, संवाद और सामाजिक न्याय से करने का निश्चय किया। उन्होंने मुसहरी के गाँवों में घूम-घूमकर भूमिहीनों और भूस्वामियों के बीच मध्यस्थता की, 'ग्रामदान' (जिसमें पूरे गाँव की भूमि का स्वामित्व सामूहिक रूप से ग्राम सभा को सौंप दिया जाता है) को क्रियान्वित किया। मुसहरी का यही प्रयोग आगे चलकर जेपी की 'समग्र क्रांति' (Total Revolution) का प्रस्थान बिंदु बना, जिसने भारतीय लोकतंत्र की दिशा और दशा को हमेशा के लिए बदल दिया।
आचार्यकुल की अवधारणा: शिक्षा और समाज का नैतिक पुनरुत्थान में भूदान और ग्रामदान के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक ढांचे को बदलने के बाद आचार्य विनोबा भावे ने यह महसूस किया कि जब तक समाज का बौद्धिक और शैक्षणिक ढांचा नैतिक नहीं होगा, तब तक कोई भी क्रांति स्थाई नहीं रह सकती। इसी उद्देश्य से उन्होंने 'आचार्यकुल' की अवधारणा प्रस्तुत है। आचार्यकुल मूलतः शिक्षकों, विचारकों, साहित्यकारों और विद्वानों का एक ऐसा स्वायत्त समुदाय है, जो किसी भी प्रकार के राजनैतिक प्रभाव, दलीय राजनीति और सरकारी नियंत्रण से मुक्त होकर समाज को नैतिक दिशा प्रदान करता है। विनोबा जी का मानना था कि: "जैसे न्यायपालिका को स्वतंत्र होना चाहिए, वैसे ही शिक्षा और शिक्षकों को भी सत्ता के प्रभाव से पूर्णतः मुक्त होना चाहिए। शिक्षक समाज का 'तीसरा कल्प' (Third Force) हैं, जो न तो शासक हैं और न ही शासित, वे केवल सत्य और नीति के संवाहक हैं।"
आचार्यकुल के मुख्य उद्देश्य: शिक्षा को दलीय राजनीति और सत्ता के दूषित प्रभावों से मुक्त रखना। समाज में नैतिक मूल्यों, सत्य, अहिंसा और करुणा की पुनर्स्थापना करना। छात्रों और युवाओं में लोकनीति और आत्म-अनुशासन की भावना जाग्रत करना। सामाजिक विवादों का समाधान न्यायालयों या हिंसा के बजाय पंचायती और नैतिक मध्यस्थता के माध्यम से करना। जब आचार्य विनोबा भावे अपने भूदान और आचार्यकुल आंदोलन के सिलसिले में मुजफ्फरपुर के दौरे पर आए, तो यहाँ के शैक्षणिक जगत ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। मुजफ्फरपुर उस समय भी उत्तर बिहार की शिक्षा का मक्का माना जाता था। बिहार विश्वविद्यालय और एल. एस. कॉलेज का योगदान: में संत विनोबा जी ने मुजफ्फरपुर प्रवास के दौरान बिहार विश्वविद्यालय के उप-कुलपति, प्रतिष्ठित लंगट सिंह (LS) कॉलेज के प्राध्यापकों, प्राचार्यों और स्कूली शिक्षकों के साथ व्यापक और गहन गोष्ठियां कीं। इन चर्चाओं में उन्होंने शिक्षा के लोकतंत्रीकरण और अध्यापकों के सामाजिक उत्तरदायित्व पर बल दिया। विनोबा जी के विचारों से प्रेरित होकर मुजफ्फरपुर के सैकड़ों शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने बाकायदा 'संकल्प-पत्र' तैयार किए। इन संकल्प-पत्रों के माध्यम से शिक्षकों ने व्रत लिया कि वे: केवल किताबी ज्ञान नहीं देंगे, बल्कि छात्रों में 'सर्वोदय' और 'ग्राम स्वराज' के प्रति चेतना विकसित करेंगे। समाज में शांति स्थापना के लिए अग्रणी भूमिका निभाएंगे। शिक्षा व्यवस्था को राजनैतिक दलों के हस्तक्षेप से बचाने के लिए एक नैतिक दबाव समूह के रूप में कार्य करेंगे। इस प्रकार, मुजफ्फरपुर के शिक्षाविदों और गांधीवादियों ने विनोबा जी के अहिंसक सामाजिक प्रयोगों को 'लोकनीति' का एक सुदृढ़ वैचारिक और बौद्धिक आधार प्रदान किया, जो 'राजनीति' का एक शुद्ध विकल्प बनकर उभरा।
वर्तमान में आचार्यकुल का संचालन:यह वैचारिक मशाल आज भी बुझी नहीं है। वर्तमान संदर्भ में भी मुजफ्फरपुर और बिहार के स्तर पर इसके विकास में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं:आचार्य डॉ. (पूर्व कुलपति) धर्मेंद्र (राष्ट्रीय अध्यक्ष, आचार्यकुल) , सत्येन्द्र कुमार पाठक (राष्ट्रीय प्रवक्ता) डॉ. ऊषा श्रीवास्तव (राष्ट्रीय प्रभारी, कला संस्कृति प्रकोष्ठ) आदि है है । इन आधुनिक विचारकों और शिक्षाविदों द्वारा आज भी आचार्यकुल और भूदान यज्ञ के सिद्धांतों को समसामयिक समाज में प्रासंगिक बनाए रखने और इसके ऐतिहासिक दस्तावेज़ीकरण के लिए निरंतर सराहनीय कराया गया है। बिहार में इस आंदोलन को केवल शीर्ष नेताओं का ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर के समर्पित गांधीवादी कार्यकर्ताओं का एक विशाल नेटवर्क प्राप्त था। मुजफ्फरपुर और प्रांतीय स्तर पर निम्नलिखित विभूतियों का योगदान इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है:
बिहार में भूदान यज्ञ के प्रमुख स्तंभ लक्ष्मी बाबू , ध्वजा बाबू ,रामदेव बाबू वैद्यनाथ बाबू ,रामचरण बाबू , गया प्रसाद साहू उर्फ गया बाबू थे। लक्ष्मी बाबू: प्रांतीय भूदान आंदोलन समिति के मुख्य कर्ताधर्ता थे। इन्होंने विनोबा जी के विचारों को बिहार की प्रशासनिक और सामाजिक व्यवस्था में ढालने का महती कार्य किया।
ध्वजा बाबू: एक प्रखर गांधीवादी कार्यकर्ता, जिन्होंने अपना पूरा जीवन खादी, सर्वोदय और भूमिहीनों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। रामदेव बाबू और वैद्यनाथ बाबू: इन नेताओं ने उत्तर बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में जमींदारों के हृदय परिवर्तन में मुख्य भूमिका निभाई। रामाचरण बाबू, गजानन दास, गोपाल झा शास्त्री और भवानी सिंह: इन कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा और तत्कालीन मिथिलांचल के क्षेत्रों में पदयात्राओं के माध्यम से लाखों एकड़ भूमि दान में प्राप्त करने का मार्ग था । भूदान आंदोलन केवल एक भावुक या आध्यात्मिक आंदोलन नहीं था, बल्कि इसके आंकड़े इसकी व्यापकता को प्रमाणित करते हैं। बिहार में इस आंदोलन के तहत जो भूमि प्राप्त हुई, वह देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में काफी विशाल थी।
बिहार भूदान यज्ञ अधिनियम (1954):आंदोलन को कानूनी मान्यता देने और दान में प्राप्त जमीनों के विधिवत निबंधन व भूमिहीनों के बीच वितरण को सुचारु बनाने के लिए बिहार सरकार ने वर्ष 1954 में 'बिहार भूदान यज्ञ अधिनियम' पारित किया। इसके तहत एक 'भूदान यज्ञ कमेटी' का गठन किया गया, जिसे भूमि के स्वामित्व सत्यापन और वितरण का कानूनी अधिकार दिया गया।
बिहार (विशेषकर तत्कालीन हजारीबाग-रामगढ़ क्षेत्र, जो अब झारखंड में है) के बड़े जमींदारों और राज परिवारों ने इस आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान दिया: महाराजा कामाख्या नारायण सिंह (रामगढ़ राजघराना): इन्होंने अकेले अपने स्तर पर लगभग 3,00,000 (तीन लाख) एकड़ भूमि दान में दी, जो देश के इतिहास में किसी एक व्यक्ति द्वारा किया गया सबसे बड़ा भूमि दान था। राजमाता श्रीमती ऋषिनाथ कुंवारी: इन्होंने 75,000 एकड़ भूमि दान की। कुंवर केदार नारायण सिंह: इन्होंने 45,000 एकड़ भूमि इस महायज्ञ में समर्पित की।
बिहार के विभिन्न जिलों की स्थिति
क्षेत्र / जिला कुल प्राप्त भूमि (एकड़ में) वास्तविक स्थिति / वितरण का विवरण
सम्पूर्ण बिहार लगभग 6.48 लाख एकड़ कुल प्राप्त भूमि में से केवल 3.46 लाख एकड़ का ही संपुष्ट (वास्तविक सत्यापन) हो सका। राज्य सरकार और भूदान कमेटी द्वारा अब तक 2.56 लाख एकड़ जमीन भूमिहीनों के बीच वितरित की जा चुकी है। शेष 1.60 लाख एकड़ उपयुक्त भूमि को चिह्नित कर वितरित करने का कार्य प्रक्रियाधीन है। पूर्णिया जिला लगभग 65,000 एकड़ मैदानी जिलों में सबसे बड़ा भूमि दान प्राप्त करने वाला जिला। मुजफ्फरपुर जिला कुल 5,646 एकड़ शहरीकरण, रिकॉर्ड की कमी और मुसहरी के विशिष्ट प्रयोगों से जुड़ा क्षेत्र। मुसहरी प्रखंड 378 एकड़ ऐतिहासिक ग्रामदान और जेपी के आंदोलन की कर्मभूमि। इसमें से 204 एकड़ जमीन वर्तमान में विवादों और रिकॉर्ड की अनुपलब्धता से घिरी है।
यद्यपि भूदान आंदोलन का आदर्श अत्यंत पवित्र था और इसने देश में एक महान सामाजिक चेतना को जन्म दिया, किंतु समय बीतने के साथ इस आंदोलन के व्यावहारिक क्रियान्वयन में कई गंभीर प्रशासनिक, कानूनी और तकनीकी विसंगतियाँ उत्पन्न हो गईं, जो आज भी मुजफ्फरपुर और पूरे बिहार के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। खाता-खेसरा और चौहद्दी का अभाव: 1950 और 1960 के दशक में जब जमींदारों ने आवेश या नैतिक प्रभाव में आकर अपनी जमीनें दान कीं, तब कई मामलों में दानपत्रों (प्रमाण पत्रों) पर भूमि का स्पष्ट विवरण जैसे खाता संख्या, खेसरा संख्या (प्लॉट नंबर) और चौहद्दी (Boundary Details) दर्ज नहीं किए गए। "अनेक दानदाताओं ने मौखिक रूप से या बिना मापी के ही 'कागजी दान' कर दिया। परिणामतः आज कई दशकों के बाद, प्रशासन और दानदाताओं के वारिसों (वंशजों) के लिए भी उस ज़मीन को धरातल पर चिह्नित करना 'टेढ़ी खीर'साबित है। मुजफ्फरपुर जिले की ही बात करें तो यहाँ कुल 5,646 एकड़ जमीन भूदान में मिली थी, लेकिन वर्तमान में जिला प्रशासन के पास सैकड़ों एकड़ जमीन के मूल रिकॉर्ड या तो पूरी तरह गायब हैं या उन पर अवैध कब्जे हो चुके हैं। अकेले मुसहरी प्रखंड में भूदान की 204 एकड़ जमीन ऐसी है जिसका कोई स्पष्ट सरकारी रिकॉर्ड (खाता-खेसरा) उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
'भारत दर्शन' भवन मुसहरी निर्माण का रहस्य: स्थानीय लोकश्रुतियों और चर्चाओं में मुसहरी प्रखंड के भीतर भूदान की भूमि पर 'भारत दर्शन' नामक एक भवन या आश्रम के निर्माण का उल्लेख मिलता है, जिसे विनोबा जी या उनके अनुयायियों की स्मृति से जोड़कर देखा जाता है। परंतु, वर्तमान सरकारी और आधिकारिक रिकॉर्ड के सार्वजनिक डोमेन में इस नाम के किसी मुख्य ट्रस्ट या मान्यता प्राप्त सरकारी भवन का स्पष्ट विवरण दर्ज नहीं है। इस प्रकार की जमीनों का वास्तविक स्वामित्व आज भी विवादित है। इन विसंगतियों को दूर करने के लिए बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि: भूदान की जमीनों का नए सिरे से डिजिटल सर्वे किया जा सके।
जिन भूमिहीनों को 'परचा' (भूमि का अधिकार पत्र) मिल चुका है, उन्हें ज़मीन पर वास्तविक भौतिक कब्जा दिलाया जा सके। गायब हो चुके रिकॉर्ड्स का पुनर्गठन (Reconstitution) किया जा सके। आज जब हम 21वीं सदी में जी रहे हैं, तो यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या भूदान और आचार्यकुल जैसे आंदोलनों की प्रासंगिकता आज के वैश्विक और बाजारवादी युग में बनी हुई है? इसका उत्तर सकारात्मक है। आधुनिक युग में आचार्यकुल की प्रासंगिकता म. नैतिक शिक्षा: व्यावसायिकता के बीच मानवीय मूल्यों का विकास। राजनैतिक स्वायत्तता: बुद्धिजीवियों का निष्पक्ष मंच। संघर्ष समाधान: मुसहरी की तर्ज पर अहिंसक संवाद का मार्ग है। आज देश के विभिन्न हिस्सों में उद्योगों, ढांचागत विकास और एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों और सरकारों के बीच हिंसक टकराव देखने को मिलते हैं। यदि इन विवादों में विनोबा जी के 'संवाद' और 'उचित मुआवजे व सहभागिता' (ट्रस्टीशिप) के सिद्धांतों को अपनाया जाए, तो इन समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है। आज शिक्षा एक बड़ा व्यवसाय बन चुकी है और शैक्षणिक संस्थान राजनैतिक दलों के अखाड़े बन चुके हैं। ऐसे समय में 'आचार्यकुल' की यह अवधारणा कि "शिक्षकों को राजनीति से ऊपर उठकर समाज का मार्गदर्शक होना चाहिए" अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। जब तक शिक्षक निष्पक्ष और नैतिक रूप से सुदृढ़ नहीं होंगे, तब तक वे देश के भावी नागरिकों का सही निर्माण नहीं कर सकते। मुसहरी में संत विनोबा और जेपी ने जो प्रयोग किया था, वह हमें सिखाता है कि सामाजिक उग्रवाद, नक्सलवाद या किसी भी प्रकार के असंतोष को केवल पुलिस या सेना के बल पर नहीं दबाया जा सकता। उसके लिए समाज के वंचित तबके को आर्थिक अधिकार (भूमि और रोजगार) देना और उनके साथ मानवीय गरिमा का व्यवहार करना अनिवार्य है।
बिहार और विशेषकर मुजफ्फरपुर के इतिहास में भूदान यज्ञ और आचार्यकुल आंदोलन केवल भूमि के लेन-देन का आर्थिक उपक्रम नहीं था, बल्कि यह मनुष्य के भीतर सोई हुई करुणा और मानवता को जगाने का एक महायज्ञ था। लक्ष्मी बाबू की पदयात्राएं, गया बाबू के आवास की गांधीवादी ऊर्जा, जयप्रकाश नारायण का मुसहरी में ऐतिहासिक प्रवास और एल. एस. कॉलेज के प्राध्यापकों का नैतिक संकल्प—ये सभी इस बात के प्रमाण हैं कि मुजफ्फरपुर ने देश को 'राजनीति' के समानांतर 'लोकनीति' का एक बेहद व्यावहारिक और अहिंसक मॉडल दिया था। यद्यपि वर्तमान में रिकॉर्ड की विसंगतियों और प्रशासनिक उदासीनता के कारण इस आंदोलन के कुछ भौतिक परिणाम धुंधले पड़ गए हैं, परंतु इसका वैचारिक आलोक आज भी उतना ही दीप्तिमान है। इन ऐतिहासिक दस्तावेजों, संकल्प-पत्रों और विचारों का संरक्षण आचार्य विनोबा भावे की आधिकारिक वेबसाइट तथा सर्वोदय आश्रमों के माध्यम से किया जा रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि वर्तमान पीढ़ी इन आदर्शों से प्रेरणा लेकर एक ऐसे समाज का निर्माण करे जो शोषणमुक्त, न्यायपूर्ण, शिक्षित और नैतिक मूल्यों पर आधारित हो। मुजफ्फरपुर का यह गौरवशाली इतिहास आने वाली सदियों तक मानवता को अहिंसक सामाजिक परिवर्तन का मार्ग दिखाता रहेगा।
संदर्भ सूची भावे, आचार्य विनोबा - "भूदान यज्ञ और सर्वोदय दर्शन", सर्वसेवा संघ प्रकाशन।, जयप्रकाश नारायण - "मेरी विचार यात्रा: मुसहरी का प्रयोग और समग्र क्रांति", सर्वोदय साहित्य। बिहार सरकार - "बिहार भूदान यज्ञ अधिनियम, 1954", राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना। विकिपीडिया - "भूदान आंदोलन और बिहार का इतिहास" (डिजिटल संदर्भ)।आचार्यकुलम राष्ट्रीय अभिलेख - डॉ. धर्मेंद्र एवं सत्येन्द्र कुमार पाठक के आधिकारिक वक्तव्य और संकल्प-पत्र (2026)। स्थानीय राजस्व अभिलेख - मुसहरी प्रखंड कार्यालय एवं जिला अभिलेखागार, मुजफरपुर।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें